जहां चुन-चुनकर लोगों को मारा गया। जहां हाथ-पैर बांधकर लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। जहां मोबाइल देखकर गोली मार दी गई। जहां महिलाओं के साथ बर्बरता की गई। जहां- क्या बच्चे, क्या बूढ़े और क्या जवान हर कोई इस दुर्दांत हमले का शिकार हुआ। शिकारी थी- रूसी सेना और शिकार बने यूक्रेनी लोग। यही वजह है कि इसे यूक्रेन में अबतक का सबसे बड़ा नरसंहार माना जा रहा है। वाक्या बूचा का है। बूचा में हर तरफ लाशों का अंबार था। 280 लोगों को सामूहिक रूप से कब्र में दफनाया गया था।
आरोप हैं कि बूचा में इन लोगों के पीछे हाथ बांधकर सिर में गोली मारी गई। आरोप ये भी हैं कि इनमें से किसी के साथ रेप, किसी के साथ लूट और किसी के साथ हिंसा की गई। इधर,यूक्रेनी राष्ट्रपति का भी कहना है कि ,बूचा के पास से 300 से ज्यादा शव बरामद हुए हैं। उनकी मानें तो चश्मदीदों का बयान था कि पीछे से शवों के हाथ बंधे थे। बूचा में रूसी नरसंहार के बाद यूक्रेन में उबाल देखा जा रहा है।
बूचा नरसंहार पर किसने क्या कहा?
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने बूचा नरसंहार को हॉलीवुड की हॉरर फिल्म जैसा नजारा बताया। उन्होंने कहा की रूसी सेना कसाई जैसा व्यवहार कर रही है। तो वहीं पोलैंड कह रहा है पश्चिमी देशों को आगे आने की जरूरत है। अब यूक्रेन को घातक हथियार मुहैया कराने चाहिए। इस मसले पर फ्रांस का कहना है कि रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाये जाएंगे। तो वहीं, ब्रिटिश प्रधानमंत्री बॉरिस जॉनसन ने भी रूस पर प्रतिबंधों में और कड़ाई करने व यूक्रेन को मानवीय सहायता बढ़ाने की बात कही है और इस सबके बीच रूस का कहना ये है कि ये सब प्रोपेगेंडा है। रूस ने कहा- ये उकसाने वाली कार्रवाई है।
रूस की तरफ से बयान आया कि नरसंहार वाले आरोप सही नहीं हैं। रूस ने कहा कि झूठे आरोपों से यूक्रेन उन्हें उकसा रहा है। सच्चाई सामने आने के लिए यूनाइटेज नेशंस सेक्योरिटी काउंसिल की बैठक बुलाई जानी चाहिए। बकौल, रूस बूचा में ‘नरसंहार’ को यूक्रेन के उग्रवादियों ने अंजाम दिया। इस बाबत रूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया है, साथ ही रूस के रक्षा मंत्रालय ने बूचा से आ रहीं तस्वीरों और वीडियो को “नाटकीय प्रदर्शन” बताया है।
इधर, घटनाक्रम पर अमेरिका कह रहा है कि हम चुप नहीं बैठ सकते हैं, अब बड़े एक्शन की जरूरत है। UN कह रहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लेकिन इन तमाम नजरियों के बीच फिलहाल यूक्रेन में भयानक युद्ध का मंजर दिख रहा है। चारों तरफ बर्बादी और सिर्फ बर्बादी का नजारा है।